एक साल से टूटा है रायडीह–तमाड़ मुख्य मार्ग का पुल, हादसे की आशंका से ग्रामीण चिंतित
तमाड़: रायडीह–तमाड़ मुख्य मार्ग पर बड़ा तालाब के पास स्थित पुलिया (कन्वर्ट) पिछले लगभग एक वर्ष से क्षतिग्रस्त है, लेकिन अब तक इसके पुनर्निर्माण की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई है। लगातार हो रही बारिश के कारण पुल की स्थिति और भी जर्जर होती जा रही है, जिससे स्थानीय लोगों में किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है।
ग्रामीणों का कहना है कि कई बार संबंधित विभाग का ध्यान इस ओर आकर्षित कराया गया, लेकिन अब तक न तो मरम्मत का कार्य शुरू हुआ है और न ही कोई स्थायी समाधान किया गया है। उनका कहना है कि यदि पुल पूरी तरह ध्वस्त हो गया तो लोगों को लगभग 5 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाकर डोरिया मार्ग से आवागमन करना पड़ेगा।
यह मार्ग क्षेत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसी रास्ते से लोग तमाड़ थाना, प्रखंड कार्यालय (ब्लॉक), अस्पताल तथा आसपास के स्कूलों तक पहुंचते हैं। प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र, मरीज, कर्मचारी और आम नागरिक इसी मार्ग का उपयोग करते हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से अविलंब पुल के पुनर्निर्माण की मांग करते हुए कहा है कि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो बरसात के दौरान किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है, जिससे जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो जाएगा।
Blog





