मां दिऊड़ी मंदिर में चल रहे सौंदर्यीकरण कार्य का एसडीएम ने किया निरीक्षण
तमाड़। प्रसिद्ध ऐतिहासिक मां दिऊड़ी मंदिर परिसर में करीब आठ करोड़ रुपये की लागत से चल रहे सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्यों का शनिवार को बुंडू एसडीएम मोहन लाल मरांडी ने निरीक्षण किया। इस दौरान तमाड़ बीडीओ अनिल कुमार मिंज भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने मंदिर परिसर में चल रहे विभिन्न विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित कर्मियों से कार्य की गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
एसडीएम मोहन लाल मरांडी ने अधिकारियों एवं संबंधित कर्मियों को निर्माण कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर में होने वाले विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्य पूरा होने के बाद श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। निरीक्षण के दौरान संबंधित कर्मी एवं अन्य लोग उपस्थित थे।
Blog





