हजारीबाग/बड़कागांव: बड़कागांव प्रखंड के डाडी कला ओपी क्षेत्र में शुक्रवार सुबह हुए सड़क हादसे के बाद करीब 31 घंटे तक तनाव और सड़क जाम की स्थिति बनी रही। ट्रांसपोर्टिंग रोड के चार नंबर गेट के पास एक हाईवा की चपेट में आने से मंझली डाडी, न्यू चिरुडीह बरवाडीह निवासी जयपाली महतो की मौके पर ही मौत हो गई थी। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर आवागमन और कोयला ढुलाई रोक दी थी।

मुआवजे और रोजगार पर बनी सहमति

शनिवार को अंचल अधिकारी मनोज कुमार के नेतृत्व में एनटीपीसी, पीआरसीएल, पुलिस प्रशासन और ग्रामीणों के बीच वार्ता हुई। बातचीत के बाद पीआरसीएल की ओर से मृतक के पुत्र नरेश कुमार महतो को 8 लाख रुपये का मुआवजा चेक देने पर सहमति बनी। वहीं अंतिम संस्कार के लिए परिवार को 50 हजार रुपये नकद देने की बात भी तय हुई।

इसके अलावा मृतक के छोटे पुत्र सुनील कुमार के परिवार के दो सदस्यों को एनटीपीसी के तहत रोजगार देने का आश्वासन अधिकारियों ने दिया।

ग्रामीणों की सड़क निर्माण की मांग

ग्रामीणों ने 13 माइल तक जाने वाली मुख्य सड़क से अलग 15 फीट चौड़ा रास्ता बनाने की मांग रखी, ताकि आम लोगों के आवागमन के लिए अलग मार्ग उपलब्ध हो और भारी वाहनों से होने वाले हादसों का खतरा कम किया जा सके। एनटीपीसी और पीआरसीएल अधिकारियों ने इस सड़क के निर्माण का लिखित आश्वासन दिया।

वार्ता में यह भी सहमति बनी कि हादसे को लेकर मृतक के परिवार और ग्रामीणों पर एफआईआर नहीं की जाएगी।

सहमति बनने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए हजारीबाग भेज दिया। इसके बाद सड़क पर आवागमन और कोयला ढुलाई दोबारा शुरू हो गई। ग्रामीणों ने प्रशासन और कंपनियों से किए गए वादों को जल्द पूरा करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।


Desk Desk · 23-08-2026 12:36 PM · 📍 Hazaribagh
Tags
Accident Hazaribagh News