धनबाद: झारखंड के धनबाद में एक बार फिर भू-धंसान की घटना से लोगों में दहशत फैल गई। बस्ताकोला क्षेत्र में बंद झरिया आरएसपी कॉलेज के पास स्थित कामिनी कल्याण बस्ती में शनिवार दोपहर अचानक तेज आवाज के साथ जमीन धंस गई। इस घटना से करीब 13 घर प्रभावित हुए, जबकि कई मकानों में दरारें पड़ गईं।
जमीन धंसने के बाद बस्ती में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपने घरों से निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। भू-धंसान के कारण कई घरों की भूमिगत पाइपलाइन भी टूट गई, जिससे इलाके में जलापूर्ति बाधित हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही माइंस रेस्क्यू की तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
घटना से नाराज स्थानीय लोगों ने झरिया-धनबाद मुख्य मार्ग को जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। स्थिति को देखते हुए जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे।
मेयर संजीव सिंह ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें सुरक्षित स्थान पर बसाने का आश्वासन दिया। इसके बाद बीसीसीएल के बस्ताकोला जीएम एसके गायकवाड़, राजापुर परियोजना पदाधिकारी एम. कुंडू और पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रभावित इलाके का निरीक्षण किया और लोगों से बातचीत कर राहत एवं आगे की कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
तत्काल राहत के तौर पर बेघर हुए आशीष रवानी, निरंजन रवानी, बेबी देवी और विश्वजीत दे के परिवारों के लिए बस्ताकोला रेस्क्यू स्कूल स्थित जीएम कार्यालय में रात ठहरने की व्यवस्था की गई है। प्रशासन और संबंधित अधिकारियों की ओर से प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थान पर बसाने का आश्वासन दिया गया है।
Blog





