रांची: राजधानी रांची में लगातार आयोजित हो रहे धरना-प्रदर्शन, जुलूस, रैली और आमसभाओं को लेकर जिला प्रशासन ने आयोजकों से निर्धारित प्रक्रिया का पालन करने की अपील की है। प्रशासन के अनुसार, किसी भी सार्वजनिक कार्यक्रम के आयोजन से पहले सक्षम प्राधिकारी से अनुमति लेना आवश्यक होगा।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जुलूस और रैली के लिए रूट, तारीख, समय, संभावित प्रतिभागियों की संख्या और प्रमुख आयोजकों की जानकारी प्रशासन को उपलब्ध करानी होगी। इसका उद्देश्य सार्वजनिक व्यवस्था, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना है।
प्रशासन ने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से विरोध प्रदर्शन करना नागरिकों का संवैधानिक अधिकार है, लेकिन सार्वजनिक कार्यक्रमों के दौरान कानून-व्यवस्था, यातायात और जनसुरक्षा से जुड़े नियमों का पालन करना जरूरी है।
छात्रों और आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे किसी भी प्रदर्शन या कार्यक्रम में शामिल होने से पहले उसकी अनुमति और वैधानिक स्थिति की जानकारी जरूर लें। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों से बचने और केवल आधिकारिक जानकारी के आधार पर कार्यक्रमों में शामिल होने की अपील की है।
जिला प्रशासन ने साफ किया कि उसका उद्देश्य लोकतांत्रिक गतिविधियों को रोकना नहीं, बल्कि सार्वजनिक कार्यक्रमों को व्यवस्थित, सुरक्षित और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराना है।
Blog



