गोला/रामगढ़। भारत माला परियोजना के तहत चक्रवाली क्षेत्र में निर्माणाधीन सड़क पर तकनीकी एवं सुरक्षा खामियों को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। आए दिन हो रही दुर्घटनाओं के बीच बुधवार देर रात करीब 12:40 बजे चक्रवाली के समीप दो वाहनों की टक्कर में दोनों चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना में चक्रवाली निवासी हेमंत कुमार महतो, पिता सुरेंद्र महतो तथा पोटमदगा निवासी राजदीप महतो, पिता पप्पू महतो घायल हुए। ग्रामीणों की मदद से दोनों को इलाज के लिए रांची के निजी अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद ग्रामीणों ने एनएचएआई को मौके पर बुलाया। सूचना पर गोला के अंचलाधिकारी सीताराम महतो एवं थाना प्रभारी अभिषेक कुमार भी घटनास्थल पहुंचे। ग्रामीणों ने सड़क की सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त कराने सहित विभिन्न मांगों को लेकर लिखित आवेदन सौंपा।
ग्रामीणों ने भारत माला परियोजना के उक्त हिस्से में सुरक्षा मानकों को तत्काल दुरुस्त करने, सर्विस रोड की व्यवस्था करने, सड़क के आर-पार आवागमन के लिए उचित व्यवस्था, गोला से जेनामोड़ तक सड़क का नक्शा उपलब्ध कराने तथा स्पीड ब्रेकर एवं पर्याप्त साइन बोर्ड लगाने की मांग की। साथ ही दुर्घटना में घायल चालकों के इलाज के लिए उचित मुआवजा देने की मांग भी रखी। इसके अलावा ओवरलोड वाहनों की जांच तत्काल बंद कराने तथा अनलोडिंग के बाद वाहनों से उड़ने वाली धूल पर रोक लगाने की मांग की गई। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं। प्रशासन ने ग्रामीणों की मांगों पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
वार्ता के लिए सड़क पर खड़ी कराईं कंपनी की गाड़ियां
इधर, ग्रामीणों के आक्रोश का असर वार्ता से पहले भी देखने को मिला। ग्रामीणों ने कंपनी की गाड़ियों को सड़क पर खड़ा करा दिया, जिसके कारण भारत माला सड़क पर दर्जनों वाहन घंटों खड़े रहे। वाहनों की कतार लगने के बाद कंपनी के प्रतिनिधियों ने ग्रामीणों के साथ वार्ता के लिए सहमति जताई। इसके बाद अंचलाधिकारी एवं थाना प्रभारी की मौजूदगी में ग्रामीणों की मांगों पर बातचीत हुई। आवेदन पर मुखिया नुरुल्लाह, उप मुखिया अविनाश कुमार, अकबर अली, रंधीर कुमार बलरिया सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों के हस्ताक्षर हैं।
TEKLAL MAHTO TEKLAL MAHTO · 26-08-2026 06:39 PM · 📍 Ramgarh · RAMGARH Bureau
Tags
Public Issues Ramgarh News