युवाओं को मिलेगा निःशुल्क आवासीय वेल्डिंग प्रशिक्षण

रामगढ़/गोला। उपायुक्त रामगढ़ ऋतुराज के निर्देश के आलोक में जिला प्रशासन रामगढ़, पीवीयूएनएल पतरातू एवं झारखंड गवर्नमेंट टूल रूम आईटीआई, गोला के संयुक्त तत्वावधान में युवाओं को तकनीकी रूप से दक्ष बनाने के उद्देश्य से ‘हुनर प्रोजेक्ट’ का शुभारंभ आईटीआई गोला में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय सांसद, हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र मनीष जायसवाल, विधायक बड़कागांव रोशन लाल चौधरी, उपायुक्त ऋतुराज एवं महाप्रबंधक पीवीयूएनएल पतरातू आर.के. निरंजन द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
हुनर प्रोजेक्ट के तहत युवाओं को MIG/MAG/GMAW वेल्डिंग का तीन माह का निःशुल्क आवासीय प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रोजेक्ट के लिए पीवीयूएनएल द्वारा सीएसआर के तहत ₹60 लाख की राशि उपलब्ध कराई गई है। प्रशिक्षण के बाद युवाओं को 100 प्रतिशत प्लेसमेंट सहायता प्रदान करने का भी प्रावधान है। चयनित प्रशिक्षुओं को ₹1,500 प्रतिमाह छात्रवृत्ति भी दी जाएगी।
सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि हुनर प्रोजेक्ट युवाओं को कौशल एवं रोजगार से जोड़ने के साथ-साथ पलायन रोकने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त कर युवा उद्योगों की आवश्यकता के अनुरूप रोजगार प्राप्त कर सकेंगे।
विधायक बड़कागांव रोशन लाल चौधरी ने कहा कि ग्रामीण एवं स्थानीय युवाओं को सही प्रशिक्षण एवं अवसर उपलब्ध कराने से उनके लिए रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे। उन्होंने युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में प्रोजेक्ट से जुड़ने की अपील की।
उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि जिले के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण एवं रोजगारपरक तकनीकी प्रशिक्षण उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। हुनर प्रोजेक्ट के माध्यम से युवाओं को आधुनिक वेल्डिंग तकनीक में दक्ष कर उद्योगों की मांग के अनुरूप तैयार किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि स्थानीय युवाओं को कौशल एवं रोजगार के अवसर मिलने से रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों अथवा दूर-दराज के क्षेत्रों में होने वाले पलायन में कमी आएगी। इससे युवाओं की आय, परिवारों की आर्थिक स्थिति तथा जिले की स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। उन्होंने प्रशिक्षण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने एवं प्रशिक्षुओं को अधिकतम रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
महाप्रबंधक पीवीयूएनएल पतरातू आर.के. निरंजन ने कहा कि पीवीयूएनएल सीएसआर के तहत स्थानीय युवाओं के कौशल विकास एवं रोजगार सृजन को प्राथमिकता दे रहा है। हुनर प्रोजेक्ट के तहत आधुनिक मशीनों से सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा तथा प्रशिक्षण के बाद प्लेसमेंट सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

प्रोजेक्ट की प्रमुख विशेषताएं—

- तीन माह का निःशुल्क आवासीय प्रशिक्षण।
- MIG/MAG/GMAW वेल्डिंग का थ्योरी एवं प्रैक्टिकल प्रशिक्षण।
- आधुनिक मशीनों से सुसज्जित प्रशिक्षण प्रयोगशाला।
- प्रशिक्षण के बाद 100 प्रतिशत प्लेसमेंट सहायता।
- चयनित प्रशिक्षुओं को ₹1,500 प्रतिमाह छात्रवृत्ति।
- उद्योग की आवश्यकता के अनुरूप रोजगारपरक तकनीकी प्रशिक्षण।
हुनर प्रोजेक्ट से रामगढ़ जिले में स्थानीय स्तर पर कुशल मानव संसाधन तैयार होने के साथ युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे। इससे रोजगार के लिए होने वाले पलायन को कम करने तथा युवाओं एवं उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों ने प्रशिक्षण केंद्र का अवलोकन किया। मौके पर संबंधित विभागों के पदाधिकारी, आईटीआई के प्रशिक्षक एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।
TEKLAL MAHTO TEKLAL MAHTO · 27-08-2026 08:07 PM · 📍 Ramgarh · RAMGARH Bureau
Tags
Government Ramgarh News