रामगढ़/गोला/ गोला प्रखंड क्षेत्र में सड़क निर्माण के नाम पर शिलान्यास की रस्म तो पूरी कर दी जाती है, लेकिन धरातल पर काम कब शुरू होगा, इसका जवाब किसी के पास नहीं है। बरियातू बाजारटांड़ से माचाटांड़ तक 6.450 किलोमीटर पथ के सुदृढ़ीकरण कार्य का निविदा 29 मार्च 2023 को हुआ और 10 सितंबर 2024 को शिलान्यास भी कर दिया गया। बावजूद इसके अब तक सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं होना संवेदक और संबंधित विभाग की कार्यशैली पर बड़ा सवाल खड़ा कर रहा है।
विधायक प्रतिनिधि कमलेश कुमार महतो ने इस मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि यदि निविदा और शिलान्यास के बाद भी वर्षों तक काम शुरू नहीं होना संवेदक की लापरवाही नहीं तो और क्या है? उन्होंने कहा कि सड़क की बदहाल स्थिति का सबसे ज्यादा खामियाजा ग्रामीणों और स्कूली बच्चों को भुगतना पड़ रहा है। स्कूल वाहनों के आवागमन में भी भारी परेशानी हो रही है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
कमलेश महतो ने कहा कि संवेदक की लापरवाही के कारण जनता को परेशान करने की खुली छूट नहीं दी जा सकती। इस मामले को लेकर वे पूर्व में ही रामगढ़ उपायुक्त को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग कर चुके हैं। इसके बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है।
उन्होंने कहा कि संबंधित संवेदक के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करते हुए आवश्यकता पड़ने पर उसे ब्लैकलिस्ट किया जाना चाहिए। यदि शीघ्र सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं कराया गया तो ग्रामीणों के साथ संगठित एवं जोरदार आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस गंभीर समस्या को लेकर विधायक ममता देवी से भी बातचीत कर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी।
शिलान्यास के बाद भी सड़क निर्माण का इंतजार आखिर कब तक? अब प्रशासन और संबंधित विभाग को फाइलों से बाहर निकलकर धरातल पर कार्रवाई दिखानी होगी।
TEKLAL MAHTO TEKLAL MAHTO · 31-08-2026 07:17 PM · 📍 Ramgarh · RAMGARH Bureau
Tags
Public Issues Ramgarh News