रामगढ़/गोला। गोला प्रखंड क्षेत्र के पुरबडीह में। पिछले देर रात तेज बारिश के बीच जोरदार बिजली कड़कने से रविदास टोला के समीप लगा विद्युत ट्रांसफॉर्मर जलकर पूरी तरह स्वाहा हो गया। ट्रांसफॉर्मर जलने के बाद गांव की बिजली आपूर्ति ठप हो गई है, जिससे रात से ही पूरे गांव में अंधेरा पसरा हुआ है। ग्रामीणों को उमस और अंधेरे के बीच भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में बारिश और वज्रपात के बाद अक्सर विद्युत व्यवस्था बाधित हो जाती है। पूरबडीह के अलावा चौपदारु चौकाद , फूलझरिया, खखरा सहित प्रखंड क्षेत्र के कई अन्य गांवों में भी बिजली व्यवस्था प्रभावित होने की सूचना है। लगातार बिजली गुल रहने से ग्रामीणों के रोजमर्रा के कामकाज पर भी असर पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि इन दिनों क्षेत्र में हाथियों के आवागमन की समस्या भी बनी हुई है। ऐसे में गांवों में बिजली रहने से लोगों को रात के समय काफी सहूलियत मिलती है और हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखने में मदद मिलती है। लेकिन बिजली आपूर्ति बाधित रहने के कारण ग्रामीणों की परेशानी और बढ़ गई है। विशेषकर टोला-मुहल्लों में अंधेरा रहने से लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।
ग्रामीणों ने सुबह विद्युत विभाग के कर्मी महेंद्र महतो को फोन कर बुलाया गया और ट्रांसफार्मर की जांच कराया गया तो उन्होंने कहा कि ट्रांसफार्मर चल चुका है। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से जले हुए ट्रांसफॉर्मर को शीघ्र बदलने तथा प्रभावित गांवों में विद्युत आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि बारिश और वज्रपात के कारण बार-बार बिजली व्यवस्था चरमराने से ग्रामीणों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। विभाग को इस दिशा में स्थायी समाधान की पहल करनी चाहिए, ताकि बारिश के मौसम में बिजली आपूर्ति सुचारु बनी रहे।
TEKLAL MAHTO TEKLAL MAHTO · 31-08-2026 07:18 PM · 📍 Ramgarh · RAMGARH Bureau
Tags
Public Issues Ramgarh News