धनबाद। झारखंड में पिछले तीन दिनों से जारी मूसलाधार बारिश का असर मैथन और पंचेत डैम पर दिखाई दे रहा है। दोनों जलाशयों का जलस्तर तेजी से बढ़ा है और पिछले सप्ताह की तुलना में करीब 10 फीट की वृद्धि दर्ज की गई है। फिलहाल दोनों डैम खतरे के निशान से लगभग 10 फीट नीचे हैं।

DVC की रिपोर्ट के अनुसार, मैथन डैम का जलस्तर 485 फीट तक पहुंच गया है, जबकि इसका खतरे का निशान 495 फीट है। वहीं पंचेत डैम में पानी का स्तर 415 फीट दर्ज किया गया है, जबकि यहां खतरे का निशान 425 फीट निर्धारित है।

लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए डैम से पानी की निकासी की जा रही है। इसके कारण पश्चिम बंगाल के कुछ निचले और तटीय इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। DVC ने संबंधित स्थानीय प्रशासन को सतर्क रहने के लिए अलर्ट जारी किया है।

धनबाद की जलापूर्ति भी प्रभावित

मैथन डैम से धनबाद वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के लिए करीब 70 एमएलडी पानी छोड़ा जा रहा है, लेकिन रास्ते में पानी की कमी के कारण प्लांट तक लगभग 55 एमएलडी पानी पहुंचने की बात रिपोर्ट में कही गई है। इसका असर शहर की जलापूर्ति व्यवस्था पर भी पड़ रहा है।

धनसार, धोवाटांड़, मटकुरिया, भूली और बैंक मोड़ समेत कई इलाकों में लोगों को निर्धारित समय पर पानी नहीं मिलने या कम दबाव से पानी आने की शिकायत है। कई परिवारों को टैंकर और निजी स्रोतों से पानी खरीदना पड़ रहा है।

Desk Desk · 03-09-2026 08:18 PM · 📍 Dhanbad
Tags
Infrastructure Dhanbad News