कामडारा, गुमला। कामडारा प्रखंड में संचालित सरकारी शराब दुकान को लेकर ग्रामीणों ने एक बार फिर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि दुकान निर्धारित नियमों की अनदेखी करते हुए संचालित की जा रही है। इस मामले को लेकर वर्ष 2024 में ग्रामीणों ने अनुमंडल पदाधिकारी, बसिया को लिखित शिकायत देकर दुकान हटाने की मांग की थी।

शिकायत के बाद एसडीओ कार्यालय की ओर से 28 नवंबर 2024 को अंचल कार्यालय कामडारा को मामले की जांच के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद राजस्व कर्मचारी के माध्यम से जांच कराई गई और इसकी रिपोर्ट 13 दिसंबर 2024 को एसडीओ को सौंप दी गई।

जांच रिपोर्ट के अनुसार, दुकान पर शराब की बिक्री निर्धारित दर पर किए जाने की बात सामने आई। वहीं रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया कि शराब दुकान से मंदिर और आंगनबाड़ी केंद्र करीब 100 मीटर, जबकि मस्जिद करीब 200 मीटर की दूरी पर स्थित है।

ग्रामीणों का कहना है कि जांच रिपोर्ट सौंपे जाने के बावजूद अब तक मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इससे स्थानीय लोगों में नाराजगी है और प्रशासन की कार्रवाई को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

एसडीओ ने दिया कार्रवाई का आश्वासन

मामले पर बसिया के एसडीओ सुधीर प्रकाश ने कहा कि इस संबंध में जल्द आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। अब देखना होगा कि प्रशासन की ओर से आगे क्या कदम उठाया जाता है।

Desk Desk · 03-09-2026 08:51 PM · 📍 Gumla
Tags
Public Issues Gumla News