बालू लदे वाहनों की जांच को लेकर एसडीएम-डीएसपी ने चलाया छापामारी अभियान
बुंडू अनुमंडल क्षेत्र में अवैध रूप से बालू लदे वाहनों के परिचालन की शिकायतों को लेकर अनुमंडल प्रशासन ने शुक्रवार को देर रात जांच अभियान चलाया। रांची-टाटा राष्ट्रीय मार्ग स्थित बुंडू सूर्य मंदिर के समीप अनुमंडल पदाधिकारी मोहनलाल मरांडी एवं डीएसपी ओमप्रकाश के नेतृत्व में बालू वाहनों की जांच की गई।
अभियान के दौरान जिला खनन पदाधिकारी अबू हुसैन, अंचल अधिकारी हंस हेंब्रम एवं खनन विभाग के निरीक्षक पदम पोद्दार समेत अन्य अधिकारियों ने बालू लदे वाहनों को रोककर उनके चालान सहित खनन से संबंधित आवश्यक कागजातों की जांच की। अधिकारियों ने वाहनों के परिचालन और दस्तावेजों की वैधता की भी जांच की।
प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध रूप से बालू का परिवहन करने वाले वाहन मालिकों और चालकों में हड़कंप मचा रहा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध खनन एवं परिवहन के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
छापामारी अभियान में बुंडू थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जयदीप टोप्पो, दशम फॉल थाना प्रभारी कुंदन कुमार सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद था।
Blog





