पाकुड़: जिले के पाकुड़िया थाना क्षेत्र में मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 40 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई। पाकुड़िया-नलहट्टी पीडब्ल्यूडी मुख्य मार्ग पर तेगुड़िया गांव के पास तेज रफ्तार हाइवा ने साइकिल से घर लौट रहे मजदूर को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक की पहचान रामघाटी निवासी दिनेश बेसरा के रूप में हुई है। बताया गया कि दिनेश दिहाड़ी मजदूरी करने के बाद साइकिल से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान राधानगर क्रशर की ओर गिट्टी लेकर जा रहे हाइवा ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार होने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उसे सरला गांव के पास पकड़ लिया। पुलिस ने हाइवा संख्या BR 28 GB 4460 को जब्त कर लिया है।

मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम

घटना के बाद मृतक के परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। उचित मुआवजे और दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर रास्ता जाम कर दिया। कई घंटे तक सड़क पर आवागमन प्रभावित रहा।

मौके पर प्रशासन और पुलिस के कई अधिकारी पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत की। प्रशासन की ओर से मृतक के आश्रित को सरकारी सहायता, आवास, एक लाख रुपये की आपदा सहायता और पत्नी को विधवा पेंशन दिलाने का आश्वासन दिया गया। बच्चों की पढ़ाई में भी सहयोग का भरोसा दिया गया।

प्रशासन के आश्वासन के बाद बुधवार सुबह करीब 11 बजे ग्रामीणों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिजनों की शिकायत के आधार पर वाहन मालिक और चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

यह हादसा एक परिवार के लिए बड़ा सदमा बन गया है। मृतक अपने परिवार में कमाने वाले प्रमुख सदस्य थे और उनके पीछे चार छोटे बच्चे हैं।

Desk Desk · 09-09-2026 04:34 PM · 📍 Pakur
Tags
Accident Pakur News