लोहरदगा: झारखंड राज्य पेंशनर समाज की जिला इकाई ने बुधवार को पेंशनरों की विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर जिला परिषद अध्यक्ष सुखदेव उरांव को ज्ञापन सौंपा। पेंशनरों ने ज्ञापन के माध्यम से वैलीडेशन एक्ट को रद्द करने और पेंशन से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग उठाई।
ज्ञापन लेने के बाद सुखदेव उरांव ने कहा कि पेंशन कर्मचारियों के जीवनभर की कमाई और उनका अधिकार है। बड़ी संख्या में परिवार पेंशन पर निर्भर हैं, ऐसे में पेंशन बंद करना या पेंशनरों को अलग-अलग वर्गों में बांटना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि पेंशन बंद होने से कई परिवारों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो सकता है।
सुखदेव उरांव ने पेंशनरों को भरोसा दिलाया कि उनकी मांगों के आधार पर भारत सरकार को पत्र भेजा जाएगा। साथ ही प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री से पेंशन व्यवस्था को बनाए रखने तथा पेंशनरों के हित में आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया जाएगा।
पेंशनर समाज के प्रतिनिधियों ने सरकार से उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार कर जल्द समाधान की उम्मीद जताई।
Blog





