हजारीबाग | हजारीबाग जिले के बैंक ग्राहकों के लिए जरूरी खबर है। बैंक कर्मचारियों की राष्ट्रव्यापी हड़ताल के चलते शुक्रवार को जिले की बैंक शाखाओं में कामकाज प्रभावित रहा। इसके बाद शनिवार और रविवार को साप्ताहिक अवकाश तथा सोमवार को त्योहारों की छुट्टी होने के कारण बैंक लगातार चार दिनों तक बंद रहेंगे। बैंकिंग सेवाएं मंगलवार से सामान्य होने की उम्मीद है।
शुक्रवार को यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर जिले की करीब 128 बैंक शाखाओं के अधिकारी और कर्मचारी हड़ताल पर रहे। इस दौरान एसबीआई, बैंक ऑफ इंडिया, केनरा बैंक समेत कई बैंकों में नियमित कामकाज नहीं हो सका। बैंक कर्मचारी संगठनों की प्रमुख मांगों में पांच दिवसीय बैंकिंग कार्य सप्ताह लागू करना शामिल है।
हड़ताल के कारण शुक्रवार को हजारीबाग में 500 करोड़ रुपये से अधिक का बैंकिंग कारोबार प्रभावित होने का अनुमान है। लगातार चार दिनों तक बैंकिंग गतिविधियां प्रभावित रहने से कुल वित्तीय लेनदेन पर एक हजार करोड़ रुपये से अधिक का असर पड़ने की संभावना जताई गई है। चेक क्लीयरेंस, लोन प्रोसेसिंग और अन्य बैंकिंग कार्यों में भी देरी हो सकती है।
बैंक शाखाएं बंद रहने के कारण नकदी की जरूरत वाले ग्राहकों ने एटीएम और कैश डिपॉजिट मशीनों का रुख किया। कई प्रमुख एटीएम केंद्रों पर लोगों की भीड़ भी देखी गई।
बैंक कर्मचारी संगठनों का कहना है कि पांच दिन का कार्य सप्ताह लागू करने समेत कई मांगों को लेकर यह हड़ताल की गई। वहीं, बैंक प्रबंधन ने हड़ताल को लेकर 'नो वर्क, नो पे' की चेतावनी दी थी।
चार दिन की बैंक बंदी को देखते हुए ग्राहकों को अपने जरूरी बैंकिंग काम पहले से योजनाबद्ध करने की सलाह दी गई है। मंगलवार से बैंक शाखाओं में सामान्य कामकाज शुरू होने की उम्मीद है।
Blog





