पलामू | पलामू के चैनपुर स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय के निरीक्षण में छात्राओं को मिलने वाली सुविधाओं में कई कमियां सामने आईं। जिला शिक्षा पदाधिकारी संदीप कुमार के निरीक्षण के दौरान पाया गया कि छात्राओं को मेन्यू के अनुसार पौष्टिक भोजन नहीं मिल रहा है। भोजन में मुख्य रूप से दाल-भात के साथ आलू और सोयाबीन की सब्जी परोसी जा रही थी, जबकि हरी सब्जियों और रोटी की व्यवस्था नियमित नहीं थी।
विद्यालय में कक्षा 6 से 12वीं तक 443 छात्राएं नामांकित हैं। निरीक्षण के समय 382 छात्राएं उपस्थित थीं। छात्राओं ने भोजन के समय में देरी की शिकायत भी की। इसके बाद डीईओ ने भोजन का समय बदलते हुए कक्षा 6 से 8 तक की छात्राओं को दोपहर 1 बजे और कक्षा 9 से 12वीं तक की छात्राओं को दोपहर 2 बजे भोजन देने का निर्देश दिया।
निरीक्षण में रात के समय बिजली की समस्या और पढ़ाई में परेशानी की बात भी सामने आई। इसके अलावा छात्राओं को अभी तक नोटबुक, बैग, जूता-मोजा जैसी जरूरी सामग्री उपलब्ध नहीं होने पर भी सवाल उठे। डीईओ ने संबंधित आपूर्तिकर्ता और नियमों का पालन नहीं करने वाले कर्मियों व शिक्षकों से स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए हैं। कमजोर छात्राओं के लिए रिमेडियल क्लास चलाने का भी आदेश दिया गया।
Blog





