जमशेदपुर: शहर में जरूरतमंद और मेधावी विद्यार्थियों की शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मद्रासी सम्मेलनी ने आर्थिक सहायता प्रदान की। बिष्टूपुर स्थित संस्था के सभागार में आयोजित 24वें पुस्तक अनुदान समारोह के दौरान 11 स्कूलों के विद्यार्थियों को कुल 2 लाख 33 हजार 300 रुपये की सहायता राशि चेक के माध्यम से दी गई।
कार्यक्रम में डीबीएमएस स्कूल के वित्त विभाग के अध्यक्ष डॉ. बी. चंद्रशेखर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और विद्यार्थियों के बीच सहायता राशि वितरित की। उन्होंने जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा में लगातार सहयोग देने के लिए संस्था के प्रयासों की सराहना की। साथ ही उन्होंने अन्य सामाजिक संस्थाओं से भी जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए आगे आने की अपील की।
प्रोजेक्ट स्कूलों को भी आर्थिक सहयोग
समारोह के दौरान पांच प्रोजेक्ट स्कूलों को भी 25-25 हजार रुपये की सहायता दी गई। इसमें बाल कल्याण विद्या मंदिर, डीबीएमएस लिलिपुट स्कूल, प्रेम ज्योति प्रांगण, ट्राइबल एजुकेशन मिशन और भारती विद्यालय शामिल रहे।
इसके अलावा कमजोर आर्थिक स्थिति वाले छह गंभीर रूप से बीमार लोगों के इलाज के लिए 50 हजार रुपये की चिकित्सा सहायता भी प्रदान की गई। संस्था के अनुसार, शिक्षा और चिकित्सा के क्षेत्र में सहायता देने की यह पहल उसके सामाजिक दायित्वों का हिस्सा है।
1992-93 से जारी है सहायता की परंपरा
मद्रासी सम्मेलनी की ओर से मेधावी और जरूरतमंद विद्यार्थियों को आर्थिक मदद देने की परंपरा वर्ष 1992-93 से चली आ रही है। इस वर्ष आयोजित कार्यक्रम संस्था का 24वां पुस्तक अनुदान समारोह था। शिक्षा के अलावा संस्था सामाजिक, सांस्कृतिक, धार्मिक और मानवीय गतिविधियों में भी भागीदारी करती है।
Blog





