धनबाद | धनबाद के गोविंदपुर प्रखंड में रसोइया-सहायिकाओं के प्रशिक्षण से जुड़े बकाया भुगतान का रास्ता अब साफ हो गया है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में प्रशिक्षण के दौरान खर्च हुई राशि के भुगतान को लेकर झारखंड राज्य मध्याह्न भोजन प्राधिकरण ने धनबाद के जिला शिक्षा अधीक्षक (डीएसई) को जांच के निर्देश दिए हैं।

प्राधिकरण की ओर से जारी आदेश में डीएसई धनबाद को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने और 15 अक्टूबर तक रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा गया है। विभाग के अनुसार, प्रशिक्षण से संबंधित राशि नवंबर 2025 में ही जिलों को भेज दी गई थी। इसके बावजूद गोविंदपुर में संबंधित कर्मियों को भुगतान नहीं मिलने के कारणों की जांच की जाएगी।

जानकारी के मुताबिक, भुगतान की राशि को प्रशिक्षण मद में आवंटित कर प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही कार्रवाई की जानकारी झारखंड राज्य मध्याह्न भोजन प्राधिकरण और सिंदरी विधायक चंद्रदेव महतो को देने को कहा गया है।

मामले को लेकर बीआरपी-सीआरपी संघ के पदाधिकारियों ने पहल के लिए विधायक चंद्रदेव महतो के प्रति आभार जताया है। अब विभागीय जांच और रिपोर्ट के बाद लंबित भुगतान की प्रक्रिया आगे बढ़ने की उम्मीद है।


Desk Desk · 01-10-2026 02:37 PM · 📍 Dhanbad
Tags
Education Dhanbad News