रांची | झारखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में गुरुवार से रुक-रुककर बारिश हो रही है। बारिश के साथ कई इलाकों में गरज-चमक और तेज हवाएं भी चल रही हैं। मौसम विभाग ने 16 जिलों के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इनमें 5 जिलों में ऑरेंज और 11 जिलों में येलो अलर्ट है। इन क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ वज्रपात की भी आशंका जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव क्षेत्र उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तटीय इलाकों को पार कर चुका है, जिसके प्रभाव से झारखंड में बारिश की गतिविधियां बढ़ी हैं। लगातार बारिश के कारण कई क्षेत्रों में तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है।

बारिश के कारण रांची का कांके डैम और कई जलप्रपात उफान पर हैं। वहीं रामगढ़ में पतरातू डैम, भैरवी नदी समेत कई जलस्रोतों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। प्रशासन ने लोगों और पर्यटकों से नदी, डैम और तेज बहाव वाले जलस्रोतों के पास नहीं जाने की अपील की है।

मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें और वज्रपात के समय खुले स्थानों से दूर सुरक्षित जगह पर रहें।

Desk Desk · 24-09-2026 09:12 PM · 📍 Ranchi
Tags
Weather Ranchi News