नई दिल्ली: देश के कई हिस्सों में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 5 से 7 अक्टूबर के बीच बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, अरुणाचल प्रदेश, केरल, गोवा और महाराष्ट्र समेत कई इलाकों में बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ आंधी की भी संभावना जताई गई है।
बिहार और झारखंड में 5 अक्टूबर से बारिश के आसार
IMD के मुताबिक बिहार और झारखंड के कुछ हिस्सों में 5 अक्टूबर से बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। दोनों राज्यों में अलग-अलग स्थानों पर बारिश के साथ गरज-चमक की स्थिति बन सकती है। वहीं, ओडिशा में 7 अक्टूबर तक कई जगहों पर बारिश होने की संभावना है।
इन राज्यों में भी बारिश की संभावना
अरुणाचल प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। छत्तीसगढ़, गोवा और मध्य महाराष्ट्र में भी 7 अक्टूबर तक बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में भी बारिश और आंधी-तूफान की गतिविधियां जारी रहने का अनुमान है।
उत्तर भारत में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क
दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश में फिलहाल मौसम के अधिकतर समय शुष्क रहने का अनुमान है। हालांकि 6 और 7 अक्टूबर को दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। उत्तर प्रदेश में 9 अक्टूबर तक मुख्य रूप से शुष्क मौसम बने रहने की संभावना बताई गई है।
पहाड़ी इलाकों में भी बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी
5 से 7 अक्टूबर के दौरान हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 6-7 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर बारिश के आसार हैं। हिमाचल प्रदेश में 6 और 7 अक्टूबर को गरज-चमक, तेज हवाओं और बिजली गिरने की स्थिति को लेकर भी चेतावनी दी गई है।
मॉनसून की वापसी के बीच बारिश जारी
देश के कई हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की वापसी जारी है। इसके बावजूद पूर्वी, दक्षिणी और पूर्वोत्तर भारत के कुछ क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां बनी हुई हैं। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में क्षेत्रवार मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।
Blog





