रामगढ़ । झारखंड की राजधानी रांची से सटे ओरमांझी स्थित एक शराब दुकान में शुक्रवार शाम उस वक्त अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक बंदरिया अचानक दुकान के अंदर घुस आई। दुकान में दाखिल होते ही उसने जमकर उत्पाद मचाना शुरू कर दिया, जिससे कर्मचारियों और ग्राहकों के बीच हड़कंप मच गया।
बोतलें फोड़ीं, शराब गटकी और पेटियों पर ही लुढ़की
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दुकान में घुसते ही बंदरिया ने कांच की बोतलें तोड़नी शुरू कर दीं। इस दौरान उसने वहां रखी शराब की एक बोतल उठाई और उसमें से दारू पी गई। शराब का नशा चढ़ते ही बंदरिया का तांडव थम गया और वह नशे में धुत होकर शराब की पेटियों के ऊपर ही बेधड़क सो गई।
बड़ी मशक्कत के बाद पाया गया काबू
शराब पीकर बंदरिया के बेसुध होने के बाद दुकान में मौजूद लोगों और कर्मचारियों ने राहत की सांस ली। काफी देर तक चले इस ड्रामे के बाद स्थानीय लोगों ने किसी तरह मशक्कत कर बंदरिया को काबू में किया और उसे दुकान से बाहर निकाला। शराब दुकान में बंदरिया के इस 'गजब तांडव' और नशे में धुत होकर सो जाने की घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।
Blog





