रामगढ़/गोला। गोला प्रखंड अंतर्गत रायपुरा गांव में रविवार को एक गरीब परिवार पर अचानक दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। गांव के निवासी चंद्रदीप महतो का कच्चा मकान भरभराकर गिर गया। हादसे के वक्त घर में मौजूद सोहरी देवी मलबे की चपेट में आ गईं, जिससे उनके पैर में दो जगह गंभीर फ्रैक्चर हो गया। घायल सोहरी देवी का इलाज फिलहाल बीएम सेवा सदन, डभातू में चल रहा है।
मजदूरी कर चलता है परिवार, अब सिर छिपाने की भी जगह नहीं
गृहस्वामी चंद्रदीप महतो मजदूरी करके किसी तरह अपने परिवार का पेट पालते हैं। घटना के समय घर के भीतर देवनारायण महतो, उनकी पत्नी सोहरी देवी और देवचरण महतो की बहन सुकरी देवी मौजूद थीं। मकान गिर जाने से घर के अंदर रखा सारा सामान और राशन मलबे में दबकर नष्ट हो गया है। इस हादसे के बाद पीड़ित परिवार के सामने अब सिर छिपाने का भी संकट खड़ा हो गया है।
सरकारी आवास योजना से वंचित, रिश्वतखोरी का आरोप
परिवार के सदस्यों ने बताया कि हाड़-तोड़ मजदूरी करने के बावजूद आज तक उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना या अबुआ आवास योजना का लाभ नहीं मिला है। सूची में उनका नाम तक शामिल नहीं किया गया है। स्थानीय लोगों और ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल राहत, इलाज का खर्च और सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने की मांग की है।
इसके साथ ही, सरकारी आवास योजनाओं में जारी भ्रष्टाचार पर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। आरोप है कि गरीबों को आवास योजना का लाभ दिलाने के नाम पर 5 से 10 हजार रुपये तक की रिश्वत मांगी जाती है, जिसके कारण जरूरतमंद परिवार इन योजनाओं से वंचित रह जाते हैं। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से रिश्वतखोरी के इन दावों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने और पीड़ित परिवार को तुरंत सहायता राशि प्रदान करने की मांग की है।
Blog





