बारिश के कारण बासीदा पुल टूटा, दर्जनों गांवों का संपर्क कटा, ग्रामीण जान जोखिम में डालकर कर रहे हैं पार*

*बुंडू (रांची):-* भारी बारिश के चलते बुंडू के कई हिस्सों में नदी-नाले उफान पर हैं और ग्रामीण इलाकों में बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुँचा है। मूसलधार बारिश के कारण बुंडू प्रखंड के एदलहातू पंचायत के NH-33 से मात्र 200 मीटर की दूरी पर स्थित बासीदा पुल टूट गया है।
पुल टूटने से दर्जनों गांवों का संपर्क कट गया है। इस वजह से स्कूली बच्चों, मरीजों और आम ग्रामीणों को अपनी दैनिक जरूरतों के लिए जान जोखिम में डालकर टूटी हुई पुल पार करना पड़ रहा है। थोड़ी सी भी असावधानी किसी बड़े हादसे को न्योता दे सकती है।
ग्रामीणों की सूचना पर SDPO ओम प्रकाश और थाना प्रभारी जयदीप टोप्पो मौके पर पहुंचे और लोगों को टूटी हुई पुल के बीच से न जाने की हिदायत दी।
पंचायत समिति प्रतिनिधि कृष्णा मुंडा ने कहा कि जल्द से जल्द इस सड़क के पुल की मरम्मत की जाए ताकि ग्रामीणों को आने-जाने में परेशानी न हो।
वहीं ग्रामीण कुलदीप कुमार सिंह ने कहा कि अगर किसी को आपातकालीन जरूरत पड़ जाए तो एम्बुलेंस भी पार नहीं हो पाएगी, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
JAY PRAKASH DAS JAY PRAKASH DAS · 27-09-2026 07:10 PM · 📍 Ranchi
Tags
Public Issues Ranchi News