पूर्वी सिंहभूम | पूर्वी सिंहभूम जिले में अवैध बालू खनन और उसके परिवहन के खिलाफ खनन टास्क फोर्स ने बड़ी कार्रवाई की है। जिला खनन पदाधिकारी के नेतृत्व में घाटशिला अनुमंडल क्षेत्र में चलाए गए विशेष जांच अभियान के दौरान धालभूमगढ़ इलाके से बालू लदे सात हाईवा वाहन जब्त किए गए।

जानकारी के अनुसार, यह अभियान गुरुवार की देर रात करीब 1 बजे से सुबह 7 बजे तक चलाया गया। जांच के दौरान सभी सात वाहनों के चालकों से बालू परिवहन से संबंधित वैध चालान मांगा गया, लेकिन वे वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद खनन विभाग की टीम ने सभी वाहनों को जब्त कर धालभूमगढ़ थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया।

यह कार्रवाई जिला उपायुक्त के निर्देश पर की गई। अधिकारियों के अनुसार, मामले में संबंधित नियमों के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन, खनिजों के अवैध भंडारण और बिना वैध दस्तावेज परिवहन के खिलाफ जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।

प्रशासन का कहना है कि अवैध खनन या खनिज परिवहन में शामिल पाए जाने वाले वाहन संचालकों और अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


Desk Desk · 01-10-2026 02:09 PM · 📍 East Singhbhum
Tags
Crime East Singhbhum News