धनबाद: कोल इंडिया और उसकी अनुषंगी कंपनियों में काम करने वाले कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। कंपनी प्रबंधन और ट्रेड यूनियनों के बीच हुई बैठक में वर्ष 2026 के प्रदर्शन आधारित पुरस्कार (PLR) के तौर पर ₹1,10,250 देने पर सहमति बनी है। बोनस की राशि का भुगतान 15 अक्टूबर तक किए जाने की तैयारी है।

कोलकाता में आयोजित कोल इंडिया एपेक्स जेसीसी की बैठक में प्रबंधन और श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों के बीच बोनस की राशि को लेकर चर्चा हुई। समझौते के बाद करीब 2.01 लाख कोयला कर्मियों को इसका लाभ मिलने की उम्मीद है। बोनस भुगतान का कुल बजट करीब दो हजार करोड़ रुपये के आसपास रहने का अनुमान है।

झारखंड के करीब 70 हजार कर्मियों को मिलेगा लाभ

कोल इंडिया के आंकड़ों के अनुसार, 1 अप्रैल 2026 तक कंपनी में 1,96,753 नॉन-एग्जीक्यूटिव कर्मचारी कार्यरत थे। चालू वित्तीय वर्ष में सेवानिवृत्त होने वाले पात्र कर्मचारियों को भी बोनस दिए जाने की बात कही गई है।

झारखंड में कोल इंडिया से जुड़े करीब 70 हजार कर्मचारी हैं। राज्य में बीसीसीएल, सीसीएल और सीएमपीडीआईएल के अलावा ईसीएल के राजमहल, चितरा और मुगमा क्षेत्र भी कोयला उत्पादन से जुड़े हैं।

पिछले साल से ₹7,250 ज्यादा

इस वर्ष कर्मचारियों के बोनस में पिछले साल की तुलना में ₹7,250 की बढ़ोतरी हुई है। वर्ष 2025 में कर्मचारियों को ₹1,03,000 का बोनस मिला था, जबकि 2024 में यह राशि ₹93,750 थी। इस बार बढ़कर ₹1,10,250 हो गई है।

बैठक के दौरान प्रबंधन की ओर से कंपनी के मुनाफे में पिछले वर्ष की तुलना में कमी का भी उल्लेख किया गया। इसके बावजूद प्रबंधन और यूनियनों के बीच तय राशि पर सहमति बनी और समझौते पर हस्ताक्षर किए गए।

Desk Desk · 04-10-2026 11:11 AM · 📍 Dhanbad
Tags
Business Dhanbad News