रामगढ़। रामगढ़ उपायुक्त ऋतुराज द्वारा गूगल मीट के माध्यम से जलापूर्ति एवं बिजली संबंधित एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में उन्होंने जिले में बिजली की उपलब्धता और पेयजल आपूर्ति से संबंधित गंभीर विषयों पर विस्तृत चर्चा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पेयजल आपूर्ति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले में पानी की किल्लत न होने पाए। उन्होंने खराब पड़े चापाकलों की मरम्मत में तेजी लाने और पाइपलाइन के लीकेज को तुरंत ठीक करने की बात कही। साथ ही निर्देश दिया कि जहाँ आवश्यकता हो, वहाँ टैंकरों के माध्यम से जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए। बैठक के दौरान उपायुक्त ने बिजली विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि गर्मी के मौसम को देखते हुए जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। खराब ट्रांसफार्मरों को प्राथमिकता के आधार पर तत्काल बदला जाए।
उपायुक्त ने अधिकारियों को कंट्रोल रूम के माध्यम से प्राप्त होने वाली जन समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं में किसी भी प्रकार की शिथिलता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही के साथ कार्रवाई की जाएगी। समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने सभी कनीय एवं सहायक अभियंताओं को अपने-अपने क्षेत्रों का नियमित रूप से मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया। बैठक के दौरान उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को इस भीषण गर्मी में बिजली और पानी की असुविधा से बचाना है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय बनाकर बेहतर तालमेल के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।


Blog





