लोहरदगा: जिले में लगातार बदल रहे मौसम के बीच मंगलवार दोपहर बाद हुई वज्रपात की घटना में एक दुधारू गाय की मौत हो गई है। घटना सदर थाना क्षेत्र के रामपुर भुउवा टोली की है। जानकारी के अनुसार पशुपालक अजीमुद्दीन अंसारी के पुत्र हसमत अंसारी की दुधारू गाय की मौत आकाशीय बिजली गिरने से हो गई। जानकारी अनुसार बारिश और तेज गर्जन के दौरान गाय घर के समीप बंधी हुई थी। इसी दौरान अचानक वज्रपात होने से गाय की मौत हो गई।घटना के बाद परिवार के लोगों में मायूसी है।
पशुपालक हसमत अंसारी ने बताया कि गाय ही परिवार की आजीविका का सहारा था। दुधारू गाय की मौत से उन्हें भारी आर्थिक क्षति हुई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है।


Blog

