लोहरदगा: नगर की मूलभूत समस्याओं के समाधान को ले नवगठित नगर परिषद बोर्ड सक्रिय नजर आ रहा है। इसी क्रम में नगर परिषद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं वार्ड के पार्षदों ने संयुक्त रूप से वार्ड क्षेत्र का दौरा कर स्थानीय समस्याओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान पदाधिकारियों ने वार्ड 11 के राहत नगर एवं कुरैशी मुहल्ला पहुंचकर सड़क, नाली, पेयजल, जलमीनार समेत अन्य बुनियादी सुविधाओं की स्थिति की जांच की। स्थानीय लोगों ने भी क्षेत्र में व्याप्त समस्याओं से प्रतिनिधियों को अवगत कराया। वार्ड वासियों ने टूटी सड़कों, जाम नालियों, पानी की अनियमित आपूर्ति तथा जलमीनार की उपयोगिता को लेकर अपनी समस्याएं रखीं। इस पर नगर परिषद अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए जल्द समाधान का भरोसा दिलाया।
वार्ड पार्षद ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है और चरणबद्ध तरीके से सभी समस्याओं का निपटारा कराया जाएगा। नवगठित बोर्ड की इस सक्रियता से वार्डवासियों में उम्मीद जगी है कि लंबे समय से लंबित समस्याओं का अब समाधान संभव हो सकेगा। स्थानीय लोगों ने जनप्रतिनिधियों की पहल की सराहना की है। मौके पर नप अध्यक्ष अनिल उरांव, उपाध्यक्ष अब्दुल कादिर, वार्ड पार्षद वारिस अंसारी, मोकिम खान, राजू रजक, कमलेश कुमार, रिक्की कुमार समेत कई अन्य मौजूद थे।


Blog

