11 अगस्त को नए विधानसभा के समक्ष वित्त रहित शिक्षण संस्थानों का महाधरना
बुंडू। झारखंड राज्य वित्त रहित शिक्षा संयुक्त संघर्ष मोर्चा की बैठक बुंडू में महासचिव रघुनाथ सिंह की अध्यक्षता में हुई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 11 अगस्त को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक नए विधानसभा भवन के समक्ष एक दिवसीय महाधरना आयोजित किया जाएगा। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपेगा। महाधरना में 75 प्रतिशत अनुदान, राज्य कर्मी का दर्जा, सेवा शर्त नियमावली, JAC में व्याप्त अनियमितताओं पर रोक, इंटर कॉलेजों व उच्च विद्यालयों के साथ भेदभाव समाप्त करने तथा 158 मान्यता प्राप्त विद्यालयों के नियमितीकरण सहित विभिन्न मांगें उठाई जाएंगी। बैठक में पांचपरगना इकाई ने अधिक से अधिक शिक्षक, कर्मचारी व संस्था प्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्णय लिया। महासचिव रघुनाथ सिंह ने बताया कि विभागीय बैठक विधानसभा सत्र के कारण स्थगित हुई है, जिसके 12 या 13 अगस्त को होने की संभावना है। बैठक में चंद्रदेव पाठक, अली अराफात, डी.एन. सिंह, श्वेता सिंह, मनीष कुमार , पिंटू मोदक सहित कई शिक्षाविद मौजूद थे।
Blog





