रांची, 16 अगस्त 2026। अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद, रांची के महिला आयाम, राष्ट्रीय महिला परिषद एवं ओजस्विनी के संयुक्त तत्वावधान में आज रांची के अपर बाजार स्थित मारवाड़ी ब्राह्मण सभा में एक दिवसीय सेल्फ डिफेंस कैंप एवं प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण में रांची, गिरिडीह, पलामू सहित झारखंड के विभिन्न जिलों से बहनों ने भाग लिया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एवं प्रशिक्षक ओजस्विनी की राष्ट्रीय अध्यक्ष रजनी ठुकराल रहीं। उन्होंने महिलाओं को आत्मरक्षा के लिए शारीरिक एवं मानसिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से योग, कराटे एवं अन्य आत्मरक्षा तकनीकों का प्रशिक्षण दिया। उन्होंने बताया कि विपरीत परिस्थितियों में महिलाएं किस प्रकार स्वयं की सुरक्षा कर सकती हैं।
रजनी ठुकराल ने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ रही हैं, लेकिन महिलाओं के प्रति हिंसा, छेड़छाड़, दुष्कर्म एवं उत्पीड़न जैसी घटनाएं चिंता का विषय बनी हुई हैं। ऐसे अपराध महिलाओं की प्रगति में बाधक हैं। इसलिए महिलाओं को आत्मनिर्भर और सक्षम बनाने के साथ-साथ आत्मरक्षा के आवश्यक गुणों का प्रशिक्षण देना भी जरूरी है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं एवं बच्चों के प्रति बढ़ते अपराधों को देखते हुए महिला सुरक्षा और आत्मरक्षा आज एक महत्वपूर्ण सामाजिक आवश्यकता बन गई है। सरकार द्वारा महिलाओं की सुरक्षा के लिए कई कानून एवं व्यवस्थाएं की गई हैं, लेकिन आपात स्थिति में सबसे पहले व्यक्ति को अपनी सुरक्षा स्वयं करनी पड़ सकती है। ऐसे में आत्मरक्षा का प्रशिक्षण महिलाओं के लिए बेहद उपयोगी है।
इसी उद्देश्य से आयोजित इस प्रशिक्षण शिविर में अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद के झारखंड प्रांत महामंत्री दिलीप वैद्य, ओजस्विनी की राष्ट्रीय अध्यक्ष रजनी ठुकराल, राष्ट्रीय महिला परिषद पटना क्षेत्र की अध्यक्ष दीपा बैद्य, अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद की प्रांत उपाध्यक्ष सीमा शर्मा, राष्ट्रीय महिला परिषद प्रांत महामंत्री रेखा रंजन, ओजस्विनी प्रांत अध्यक्ष डॉली सिंह, अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद झारखंड प्रांत सह संगठन मंत्री कन्हैया लाल एवं प्रांत मंत्री प्रशांत सिंह उपस्थित रहे।
Blog
