लोहरदगा: उपभोक्ताओं को मिलावटी, अवमानक और भ्रामक दावों वाले खाद्य उत्पादों से बचाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शहर के कई प्रतिष्ठानों, थोक विक्रेताओं और गोदामों का औचक निरीक्षण किया। यह कार्रवाई एफएसएसएआई के निर्देश पर की गई।
जांच के दौरान रिलायंस स्टोर, वी-मार्ट, अग्रवाल नेटवर्क, विवेक स्टोर, अग्रवाल ट्रेडर्स, न्यू बदला इंटरप्राइजेज और अमृत एजेंसी समेत कई प्रतिष्ठानों में खाद्य सामग्री और संबंधित दस्तावेजों की जांच की गई। रिलायंस रिटेल ने जांच के बाद करीब एक दर्जन भ्रामक दावा करने वाले उत्पादों को स्टोर और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से हटा दिया।
वहीं, न्यू बदला इंटरप्राइजेज और अशोक जनरल स्टोर में स्टींग एनर्जी ड्रिंक, जबकि अग्रवाल नेटवर्क के गोदाम में कैम्पा एनर्जी गोल्ड बूस्ट ड्रिंक का भंडारण मिला। अधिकारियों ने संबंधित प्रतिष्ठानों को ऐसे भ्रामक लेबल वाले उत्पाद हटाकर कंपनियों को वापस करने का निर्देश दिया।
कार्रवाई के दौरान राणा चौक के एक होटल में फफूंद लगे रसगुल्ले मिलने पर उन्हें मौके पर नष्ट कराया गया और 1,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया। थाना चौक स्थित एक फास्ट फूड प्रतिष्ठान में खराब गुणवत्ता वाली रोल बेस मिलने पर 500 रुपये का अर्थदंड लगाया गया। वहीं, बगडू मोड़ के राजस्थान जलेबी सेंटर में प्रतिबंधित अखाद्य रंग के इस्तेमाल पर रंगयुक्त चाशनी को नष्ट कराया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए सभी खाद्य कारोबारियों को गुणवत्तापूर्ण कच्चे माल का इस्तेमाल, स्वच्छता और सुरक्षित भंडारण मानकों का पालन करने के निर्देश दिए हैं।
Blog





