लोहरदगा: सुन्दरी देवी सरस्वती शिशु मंदिर, लोहरदगा के परिसर में आज एक संस्कारवान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विद्यालय की कक्षा प्रभात की बहन अदिति के जन्मदिन के शुभ अवसर पर विद्यालय परिवार द्वारा हवन यज्ञ का आयोजन कर उसे शुभकामनाएं दी गईं।
विद्यालय की इस अनूठी परंपरा के तहत, पाश्चात्य संस्कृति के बजाय भारतीय वैदिक रीति-रिवाज से जन्मदिन मनाने पर जोर दिया गया। इस अवसर पर आचार्य जी के मार्गदर्शन में सस्वर मंत्रोच्चारण के साथ आहुतियां डाली गईं। यज्ञ में उपस्थित सभी शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने अदिति के उज्ज्वल भविष्य और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। विद्यालय के प्रधानाचार्य ने बताया कि शिशु मंदिर में भैया-बहनों को अपनी संस्कृति से जोड़े रखने के लिए जन्मदिन पर यज्ञ करने की परंपरा है। हवन के माध्यम से न केवल आध्यात्मिक लाभ मिलता है, बल्कि इससे वातावरण भी शुद्ध होता है।
इस आयोजन का उद्देश्य अन्य विद्यार्थियों और अभिभावकों को भी सादगी एवं भारतीय संस्कारों के प्रति प्रेरित करना है। इस अवसर पर विद्यालय के आचार्य वृन्द और अदिति के सहपाठी उपस्थित रहे।


Blog





