लोहरदगा जिले के बंजार किस्को स्थित इंटर कॉलेज किस्को में बुधवार को इंटरमीडिएट परीक्षा में सफल मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें कॉलेज एवं जिला स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में कॉलेज के टॉप-10 में स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को अतिथियों द्वारा पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। कई विद्यार्थियों ने लोहरदगा जिला के टॉप-10 में भी अपनी जगह बनाकर कॉलेज का मान बढ़ाया। कला संकाय में कॉलेज के मेधावी विद्यार्थियों में अजीत उरांव ने 85.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर सर्वोच्च स्थान हासिल किया। वहीं गीता कुमारी ने 79.2 प्रतिशत, आयुषी कुमारी ने 78.4 प्रतिशत, रिया कुमारी ने 78 प्रतिशत, पूजा कुमारी एवं मोहित बाकल ने 77.2 प्रतिशत, प्रकाश कुमार ने 75 प्रतिशत, सचिन मुंडा ने 74.8 प्रतिशत, आयुष कुमार ने 74 प्रतिशत, दीपक टेटे एवं तमन्ना कुजूर ने 73.8 प्रतिशत तथा ऐसा सिद्दीकी ने 73.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर कॉलेज एवं जिले को गौरवान्वित किया। सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में लोहरदगा महिला कॉलेज की पूर्व प्राचार्य सह कॉलेज सचिव शमीमा खातून एवं कॉलेज प्राचार्य ओबेदुल्लाह परवेज उपस्थित थे। अतिथियों ने संयुक्त रूप से मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। साथ ही सभी अतिथि एवं शिक्षकों ने सफल विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर कॉलेज प्राचार्य ओबेदुल्लाह परवेज ने कहा कि विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है कि कॉलेज लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही सफलता का सबसे बड़ा माध्यम है और विद्यार्थियों को आगे भी इसी लगन के साथ मेहनत करते रहना चाहिए। वहीं पूर्व प्राचार्य शमीमा खातून ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के छात्र-छात्राओं ने सीमित संसाधनों के बावजूद जिस प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है, वह अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने की सलाह दी। गौरतलब हो कि झारखंड अधिविद्य परिषद रांची द्वारा जारी इंटरमीडिएट के कला संकाय में कॉलेज के कुल 243 परीक्षार्थियों में से 97.5 प्रतिशत छात्र-छात्राएं सफल रहे। इनमें 185 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी तथा 51 विद्यार्थियों ने द्वितीय श्रेणी प्राप्त की। वहीं वाणिज्य संकाय में शामिल दोनों परीक्षार्थी सफल रहे और कॉलेज का शत-प्रतिशत परिणाम दर्ज किया गया।कार्यक्रम में शिक्षक इमाम जफर परवेज, गुलनाज परवीन, अरुण कुमार, एमलेन डोरोथी मिंज, फरहतुल्लाह अंसारी, रमेश लोहरा, सुजीत भगत, भीखराम उरांव, परमेश्वर भगत सहित अन्य शिक्षक एवं अभिभावक उपस्थित थे।


Blog





