लोहरदगा। मेरा युवा भारत (MY Bharat), लोहरदगा द्वारा बुधवार को किस्को प्रखंड स्थित महिला सभा भवन में वीर विनायक दामोदर सावरकर जयंती समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं एवं विद्यार्थियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत वीर सावरकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इस दौरान वक्ताओं ने वीर सावरकर के जीवन, स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान तथा राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण पर विस्तार से प्रकाश डाला। युवाओं को बताया गया कि उनका जीवन संघर्ष, साहस और देशभक्ति की प्रेरणादायी मिसाल है।
जयंती समारोह के अवसर पर निबंध प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के माध्यम से युवाओं ने वीर सावरकर के विचारों, राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका एवं देशभक्ति से जुड़े विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं को राष्ट्रहित में कार्य करने, सामाजिक उत्तरदायित्व निभाने तथा समाज के विकास में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि आज के युवाओं को महान स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों को आत्मसात कर देश के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभानी चाहिए।
अंत में निबंध प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। साथ ही उपस्थित सभी युवाओं ने राष्ट्रसेवा, सामाजिक सद्भाव एवं जनकल्याण के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन मेरा युवा भारत, लोहरदगा की टीम द्वारा किया गया।


Blog





