पातर मुंडा समाज ने मेधावी छात्र-छात्राओं को किया सम्मानित, शिक्षा के प्रति जागरूकता का दिया संदेश
बुंडू: पातर मुंडा समाज के तत्वावधान में रविवार को अरुणालय बैंक्वेट हॉल, बुंडू में प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में समाज के मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
मैट्रिक परीक्षा में खुशबू कुमारी ने 95.40 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि इंटरमीडिएट परीक्षा में प्रतिमा कुमारी ने 86.2 प्रतिशत अंक के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया। दोनों प्रतिभाओं को समारोह में सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व शिक्षक एवं समाजसेवी शिवेश्वर सिंह मुंडा ने की, जबकि संचालन शिक्षक एवं समाजसेवी राकेश पातर ने किया। समारोह में तमाड़, सिल्ली एवं ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
वक्ताओं ने कहा कि इस सम्मान समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित करना, उनके मनोबल को बढ़ाना तथा समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता फैलाना है। उन्होंने छात्रों से निरंतर मेहनत कर समाज और क्षेत्र का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में पूर्व शिक्षक एवं समाजसेवी हिकीम मुंडा, सत्येंद्र मुंडा, शंभु शरण मुंडा, लालमोहन मुंडा, नन्दलाल मुंडा, कवीन्द्र मुंडा, लक्ष्मण मुंडा, जय निताई पातर, देवनारायण मुंडा, विमल पातर, गुरुदेव मुंडा, रामजीवन पातर, कन्हाई पातर, जितेंद्र मुंडा, अमन मुंडा, प्रशांत मुंडा, धनंजय मुंडा, सहित अन्य सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।
Blog





