चतरा: जिले में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए शनिवार को समाहरणालय सभाकक्ष में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता डीसी रवि आनंद ने की। इसमें जिले के विद्यालयों की प्रगति, शैक्षणिक गतिविधियों, सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और विभिन्न शैक्षणिक मानकों की प्रखंडवार समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान हंटरगंज और लावालौंग प्रखंडों के खराब प्रदर्शन पर अधिकारियों ने गंभीरता दिखाई। दोनों प्रखंडों के प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए पत्र भेजने का निर्देश दिया गया। वहीं प्रतापपुर के प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी अजय कुमार दास और हंटरगंज के प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी संदीप कुमार से स्पष्टीकरण मांगते हुए नियमानुसार कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू करने को कहा गया। चतरा प्रखंड के प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी से भी कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में विद्यालय संकुल संसाधन केंद्रों की तुलना में अधिक संख्या में संकुल साधनसेवी पाए जाने पर युक्तिकरण की कार्रवाई करने को कहा गया। इसके साथ ही पीएम श्री विद्यालयों से जुड़ा लंबित डाटा एक सप्ताह के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया गया।

स्टूडेंट प्रोग्रेशन की धीमी गति पर डीसी ने नाराजगी जताई और संबंधित संकुल साधनसेवियों को अगली समीक्षा बैठक से पहले विद्यालय स्तर पर जरूरी कार्य पूरा कराने का निर्देश दिया।

बैठक में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय और झारखंड बालिका आवासीय विद्यालयों में साफ-सफाई, छात्राओं को मिल रही सुविधाओं और भोजन की गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया। अधिकारियों ने निर्देश दिया कि भोजन परोसने से पहले संबंधित शिक्षक या शिक्षिका स्वयं उसकी गुणवत्ता की जांच करें।


Desk Desk · 23-08-2026 01:02 PM · 📍 Chatra
Tags
Education Chatra News