चार बड़े संकल्पों के साथ पत्रकार साथियों से मांगा दो वर्ष का अवसर

रामगढ़/गोला। प्रेस क्लब रामगढ़ के चुनाव 2026-28 को लेकर चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। इसी क्रम में टीम बीरू के पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों ने गोला स्थित दामोदर रेस्टोरेंट में पत्रकार साथियों के साथ बैठक कर अपने विजन, कार्ययोजना और चार प्रमुख संकल्पों को सार्वजनिक किया। टीम ने स्पष्ट किया कि उसका चुनावी अभियान आरोप-प्रत्यारोप से अलग नई सोच, मजबूत संगठन और प्रेस क्लब के सर्वांगीण विकास पर केंद्रित है।
बैठक में बीरेंद्र कुमार ने पत्रकार साथियों से दो वर्ष के लिए पुनः अवसर देने की अपील करते हुए कहा कि टीम केवल घोषणा करने में नहीं, बल्कि घोषणाओं को धरातल पर उतारने में विश्वास रखती है। उन्होंने कहा कि यदि पत्रकार साथी पुनः जिम्मेदारी देते हैं तो घोषणापत्र के सभी संकल्पों को प्राथमिकता के साथ लागू करने का प्रयास किया जाएगा।
पहला संकल्प—आधुनिक आवासीय सह-कार्यस्थल। टीम ने चुनाव जीतने के तीन माह के भीतर प्रेस क्लब परिसर को आधुनिक आवासीय सह-कार्यस्थल के रूप में विकसित करने का संकल्प लिया है। परिसर में टीवी, फ्रिज, एसी, सोफा सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा जरूरत पड़ने पर पत्रकार साथियों एवं उनके परिजनों के लिए निःशुल्क ठहरने की सुविधा विकसित करने की बात कही गई।
दूसरा संकल्प—संकट में साथी के साथ प्रेस क्लब। किसी पत्रकार साथी के आकस्मिक रूप से बीमार होने या अस्पताल में भर्ती होने पर ₹10 हजार से ₹50 हजार तक तत्काल आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराने की व्यवस्था विकसित करने का प्रस्ताव रखा गया। गंभीर बीमारी के मामलों में सामूहिक सहयोग के साथ-साथ पत्रकार साथियों के बच्चों की उच्च शिक्षा और विवाह जैसे अवसरों पर भी सहयोग की व्यवस्था बनाने की पहल की जाएगी।
तीसरा संकल्प—डायरेक्टरी एवं हैंडबुक। प्रेस क्लब रामगढ़ की विशेष डायरेक्टरी एवं हैंडबुक प्रकाशित की जाएगी। इसमें क्लब के सदस्यों का विवरण, पत्रकारों का कार्यक्षेत्र, जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के प्रमुख अधिकारियों के साथ जिले के प्रमुख औद्योगिक प्रतिष्ठानों, चिकित्सकों एवं अन्य महत्वपूर्ण व्यक्तियों के नाम, पद और संपर्क विवरण शामिल करने की योजना है। इसके माध्यम से पत्रकार साथियों को व्यापक मंच मिलने के साथ विज्ञापनों से क्लब के लिए आर्थिक संसाधन जुटाने का प्रयास किया जाएगा।
चौथा संकल्प—पत्रकारों को आत्मनिर्भर बनाने की पहल। टीम बीरू ने घोषणा की कि यदि कोई पत्रकार साथी अपना व्यवसाय शुरू करना चाहता है या स्वरोजगार के लिए पहल करना चाहता है, तो उसे ₹10 हजार से ₹50 हजार तक का ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध कराने की व्यवस्था विकसित की जाएगी। यह राशि अधिकतम तीन महीने की अवधि के लिए बिना किसी ब्याज के उपलब्ध कराने का प्रस्ताव है, ताकि पत्रकार साथी आर्थिक रूप से मजबूत होकर अपने पैरों पर खड़े हो सकें।
बैठक में बीरेंद्र कुमार ने कहा कि टीम का उद्देश्य प्रेस क्लब को केवल बैठकों तक सीमित रखना नहीं, बल्कि उसे पत्रकार साथियों के हित, सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता का मजबूत मंच बनाना है। उन्होंने कहा कि टीम जो कहती है, उसे करके दिखाने में विश्वास रखती है। पत्रकार साथियों से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि एक बार फिर अवसर मिला तो सभी संकल्पों को पारदर्शी तरीके से धरातल पर उतारने का प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर बीरेंद्र कुमार, सरोज कांत झा, अमित सिन्हा, मनोज शर्मा, नीरज सिन्हा, संजय सिन्हा, सत्येंद्र पाठक, अमित पाठक, उत्तम सिन्हा, दिनेश कुमार, नीरज कुमार, अंजनी जायसवाल, तारकेश्वर महतो, प्रदीप बर्मन, सत्य प्रकाश, सुजीत सिन्हा, झूलन अग्रवाल, पंकज पाठक, संतोष कुमार, अंजनी कुमार, दानिश पटेल, मोतीउल्लाह, संजय नायक, वलीउल्लाह, सनाउल्लाह, अजय कुमार महतो, दिलीप कुमार सिंह, छेदीलाल दास, प्रिंस वर्मा, मनोहर लहरी, राजकुमार, सुरेश राम, कृष्ण कुमार, श्रीकांत महतो, दानिश कुमार, अजय कुमार, मनोज मिश्रा, अशफाक अहमद, पंकज कुमार एवं ओमप्रकाश साव सहित अन्य पत्रकार साथी उपस्थित रहे।
टीम बीरू ने पत्रकार साथियों से प्रेस क्लब के विकास को लेकर खुले मन से सुझाव देने की अपील करते हुए कहा कि संगठन की मजबूती और सर्वांगीण विकास सामूहिक सहभागिता से ही संभव है।
TEKLAL MAHTO TEKLAL MAHTO · 31-08-2026 07:25 PM · 📍 Ramgarh · RAMGARH Bureau
Tags
Elections Ramgarh News