जमशेदपुर |झारखंड में चल रहे विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण (SIR) के दौरान जमशेदपुर से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। प्रारूप मतदाता सूची में तीन अफगानिस्तानी नागरिकों के नाम दर्ज पाए गए हैं।

मामला जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र का है। निर्वाचन विभाग के अनुसार आसिल खान, मोहम्मद असलम और मोहम्मद इब्राहिम के नाम पहले से मतदाता सूची में दर्ज थे। SIR के दौरान इनका एन्युमरेशन भी पूरा हुआ और नाम ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में शामिल हो गए।

बाद में दस्तावेजों के सत्यापन में गड़बड़ी सामने आने पर तीनों को नोटिस जारी किया गया। दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराने के बाद पासपोर्ट की जांच की गई, जिसमें तीनों के अफगानिस्तान के नागरिक होने की पुष्टि हुई।

निर्वाचन विभाग ने बताया कि तीनों नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं। मामले में आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई के लिए जमशेदपुर डीसी और एसएसपी को निर्देश दिए जा रहे हैं। साथ ही यह भी जांच की जाएगी कि इन लोगों के नाम मतदाता सूची में कैसे शामिल हुए और क्या ऐसे अन्य विदेशी नागरिक भी मतदाता सूची में दर्ज हैं।


Desk Desk · 09-09-2026 11:45 AM · 📍 Ranchi
Tags
Elections Ranchi News