लोहरदगा । शीला अग्रवाल सरस्वती विद्या लोहरदगा मंदिर के प्रांगण में संकुल स्तरीय एक दिवसीय आचार्य कार्यशाला का भव्य एवं सुव्यवस्थित आयोजन संपन्न हुआ। इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों के ज्ञान, कौशल एवं शिक्षण पद्धतियों को और अधिक सशक्त बनाना था, ताकि वे विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में प्रभावी भूमिका निभा सकें।कार्यक्रम का शुभारंभ परंपरागत विधि-विधान एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर उपाध्यक्ष विनोद राय, सचिव अजय प्रसाद तथा संकुल प्रमुख सह विद्या मंदिर के प्रधानाचार्य बिपिन कुमार दास सहित विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्यों—सुरेश चंद्र पांडे (सुंदरी देवी शिशु मंदिर, लोहरदगा), प्रमोद कुमार (कैरौ), विमलेश कुमार तिवारी (सेन्हा), मनोहर मोदी (चांपी), आनंद साहू (ओपा) एवं रूपेश कुमार (कुडू) , पूनम मिश्रा की गरिमामयी उपस्थिति रही।

अतिथियों का परिचय विद्यालय के प्रधानाचार्य बिपिन कुमार दास द्वारा कराया गया। मंच संचालन का दायित्व मंजू देवी ने कुशलतापूर्वक निभाया। कार्यशाला का भूमिका राजीव कुमार सिंह द्वारा प्रस्तुत की गई। जिसने कार्यशाला के उद्देश्यों को स्पष्ट दिशा प्रदान की।

कार्यशाला के दौरान कक्षा-सह एवं विषय-सह आधारित विभिन्न शैक्षणिक विषयों पर गहन चर्चा की गई। साथ ही नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 (NEP 2020) के महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ। आचार्य एवं दीदी जी ने अपने अनुभव साझा किए, जिससे शिक्षण पद्धति में सीखने का प्रेरणादायी वातावरण निर्मित हुआ।

समापन सत्र में गुमला विभाग के विभाग प्रमुख ओमप्रकाश सिन्हा की विशेष उपस्थिति रही। उन्होंने कार्यशाला के उद्देश्य को स्पष्ट करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन शिक्षकों को नवीन शिक्षण विधियों से जोड़ते हैं तथा शिक्षा की गुणवत्ता को सुदृढ़ करने में सहायक सिद्ध होते हैं।

कार्यक्रम में उपस्थित आचार्यों का सम्मान भी किया गया, जिससे उनके योगदान को सराहा गया। संकुल प्रमुख सह प्रधानाचार्य बिपिन कुमार दास को संकुल के अन्य प्रधानाचार्यों की ओर से उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया।

यह कार्यशाला न केवल शिक्षकों के लिए ज्ञानवर्धक सिद्ध हुई।बल्कि समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता और सकारात्मक बदलाव का संदेश भी दे गई। ऐसे आयोजनों से शिक्षा जगत में नवाचार एवं गुणवत्ता की दिशा में एक मजबूत कदम बढ़ता है।

धन्यवाद ज्ञापन श्याम सुंदर कुमार द्वारा किया गया। वंदे मातरम के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।

SUMAN SAHU SUMAN SAHU · 02-05-2026 08:56 PM · 📍 Lohardaga · Lohardaga Bureau
Advertisement
Tags
Education Lohardaga News