रांची |झारखंड में भर्ती परीक्षाओं को लेकर छात्रों का आंदोलन एक बार फिर तेज होने जा रहा है। छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने 11 सितंबर को छात्रों से रांची पहुंचने की अपील की है।

महतो के अनुसार, 11 सितंबर को जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से छात्रों की आवाज एक बार फिर बुलंद की जाएगी। आंदोलन का मुख्य मुद्दा JPSC और JSSC समेत कई भर्ती परीक्षाओं में सामने आई कथित अनियमितताओं और धांधली है।

छात्र नेता ने 11वीं और 13वीं JPSC, JSSC CGL, PGT, LDC, नर्सिंग, आशुलिपिक और TDPL तथा अभय तिवारी से जुड़े JPSC-JSSC मामलों समेत कथित तौर पर प्रभावित परीक्षाओं में कार्रवाई की मांग दोहराई है।

देवेंद्र नाथ महतो ने निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा है कि अगर CID जांच से छात्रों को न्याय नहीं मिलता है, तो मामले की CBI जांच कराई जानी चाहिए।

आंदोलन से जुड़े लोगों के मुताबिक, विवादित 45 परीक्षाओं में 22 को रद्द किया गया है, 17 परीक्षाएं जांच के दायरे में हैं और 6 परीक्षाओं पर रोक से जुड़े मामले सामने आए हैं। इन मामलों पर 15 सितंबर को हाईकोर्ट में सुनवाई भी होनी है।

दरअसल, देवेंद्र नाथ महतो के नेतृत्व में 24 जिलों में भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा भी चल रही थी। इस अभियान के दौरान छात्रों और अभिभावकों से संवाद कर भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और सुधार की मांग को लेकर समर्थन जुटाया गया।

अब 11 सितंबर को रांची में इस यात्रा का समापन होगा और छात्रों की अगली रणनीति पर भी नजर रहेगी।

यानी आने वाले दिनों में झारखंड की भर्ती परीक्षाओं का मुद्दा एक बार फिर राजनीतिक और प्रशासनिक रूप से बड़ा सवाल बन सकता है।

Desk Desk · 09-09-2026 04:12 PM · 📍 Ranchi
Tags
Jobs & Career Ranchi News