रांची। रांची विश्वविद्यालय के स्वायत्त संस्थान छोटानागपुर लॉ कॉलेज ने विधि संकाय में पीएचडी पाठ्यक्रम सत्र 2026 के लिए औपबंधिक चयन सूची जारी कर दी है। इस सूची में कुल 16 अभ्यर्थियों को जगह मिली है। चयन प्रक्रिया विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के 2022 के नियमों और रांची विश्वविद्यालय के दिशा-निर्देशों के तहत पूरी की गई है। अभ्यर्थियों का चयन शैक्षणिक मूल्यांकन, प्रवेश परीक्षा और साक्षात्कार में प्रदर्शन के आधार पर किया गया है।
जारी सूची के अनुसार, अनारक्षित श्रेणी से 10, ओबीसी से तीन, एससी से एक, एसटी से एक और ईडब्ल्यूएस श्रेणी से एक अभ्यर्थी का चयन हुआ है। चयनित उम्मीदवारों को निर्धारित समय सीमा के भीतर नामांकन प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
कॉलेज प्रशासन के अनुसार, औपबंधिक नामांकन की प्रक्रिया 22 से 31 अक्टूबर तक चलेगी। वहीं, पीएचडी कोर्स वर्क की कक्षाएं 19 नवंबर से शुरू होंगी। नामांकन के दौरान अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा।
उम्मीदवारों को मैट्रिक, इंटरमीडिएट, एलएलबी और एलएलएम की अंकतालिकाओं व प्रमाणपत्रों के साथ यूजीसी-नेट/जेआरएफ प्रमाणपत्र, लागू होने पर जाति या श्रेणी प्रमाणपत्र तथा माइग्रेशन प्रमाणपत्र की मूल प्रतियां प्रस्तुत करनी होंगी। इसके अतिरिक्त, सभी आवश्यक दस्तावेजों की स्व-हस्ताक्षरित फोटोकॉपी के दो सेट भी जमा करने होंगे।
नौकरीपेशा अभ्यर्थियों को अपने नियोक्ता से अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) और कोर्स वर्क में शामिल होने के लिए रिलीविंग ऑर्डर देना अनिवार्य होगा। कॉलेज ने स्पष्ट किया है कि प्रवेश फिलहाल औपबंधिक है। अनिवार्य कोर्स वर्क पूरा करने और विभागीय शोध समिति (डीआरसी) की पुष्टि के बाद ही इसे अंतिम रूप दिया जाएगा।
Blog





