लोहरदगा: जिले में राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी के माध्यम से आयोजित नीट परीक्षा का आयोजन रविवार को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त वातावरण में सफलता पूर्वक सम्पन्न हुआ। परीक्षा के जिला में एकमात्र केंद्र पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय जोगना सेन्हा लोहरदगा निर्धारित किया गया था जिसे लेकर उपायुक्त संदीप कुमार मीना के निर्देश पर जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारी की गई थी। सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। प्रशासनिक अधिकारियों, दंडाधिकारियों एवं पुलिस बल की सक्रिय मौजूदगी के कारण परीक्षा पूरी तरह पारदर्शी माहौल में संपन्न हुई। परीक्षा में कुल 245 परीक्षार्थियों में से 238 परीक्षार्थी उपस्थित और 7 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा के दौरान प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों ने अपने दायित्वों का गंभीरता एवं सतर्कता के साथ निर्वहन किया। परीक्षा केंद्र पर लगातार निगरानी रखी गई तथा परीक्षा संचालन की प्रत्येक गतिविधि पर प्रशासन की पैनी नजर रही। परीक्षा केंद्र के बाहर अनावश्यक भीड़ जमा न हो, इसके लिए भी विशेष व्यवस्था की गई थी।

उपायुक्त द्वारा शुक्रवार को ही परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया गया था तथा केंद्राधीक्षक को कड़े निर्देश दिए गए थे कि किसी भी परिस्थिति में कदाचार या अनुचित गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। परीक्षा केंद्र में परीक्षार्थियों की प्रवेश प्रक्रिया पूरी तरह निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप कराई गई। प्रवेश द्वार पर सघन जांच, बायोमेट्रिक सत्यापन एवं मेटल डिटेक्टर के माध्यम से जांच की व्यवस्था की गई थी। परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा-163 के तहत निषेधाज्ञा लागू रही, जिससे शांति एवं अनुशासन बनाए रखने में सहायता मिली। संवेदन शील केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी। वहीं यातायात व्यवस्था को भी सुचारु बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस को विशेष निर्देश दिए गए थे, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

मौके पर अपर स्माहर्ता जितेंद्र मुंडा, अनुमण्डल दंडाधिकारी अमित कुमार, अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी श्रद्धा केरकेट्टा व वरीय पदाधिकारियों द्वारा लगातार परीक्षा केंद्र का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया तथा परीक्षार्थियों से भी संवाद कर उन्हेंआवश्यक सहयोग प्रदान किया। परीक्षा समाप्त होने के बाद केंद्रों से उत्तर पुस्तिकाओं एवं अन्य गोपनीय सामग्रियों को सुरक्षा के बीच निर्धारित स्थानों तक पहुंचाया गया। जिला प्रशासन ने परीक्षा के सफलसंचालन में सहयोग करने वाले सभी अधिकारियों, कर्मियों, पुलिस बल, केंद्राधीक्षकों एवं शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रशासन ने कहा कि सभी के समन्वित प्रयास से परीक्षा शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष वातावरण में संपन्न हो सकी।

SUMAN SAHU SUMAN SAHU · 03-05-2026 10:37 PM · 📍 Lohardaga · Lohardaga Bureau
Advertisement
Tags
Education Lohardaga News