सिमडेगा। कुरडेग प्रखंड के केंदूटोली में आयोजित फुटबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। निर्धारित समय तक कुरडेग और दरीडीह की टीमें बराबरी की टक्कर देती रहीं, जिसके बाद मुकाबला पेनल्टी शूटआउट तक पहुंचा। पेनल्टी शूटआउट में कुरडेग ने दरीडीह को 3-2 से हराकर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम कर लिया।
समापन समारोह में सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ डीन फादर सुनील तिर्की, जिला परिषद सदस्य जोसिमा खाखा और श्वेत कुमार एक्का समेत अन्य अतिथि मौजूद रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साह बढ़ाया और विजेता व उपविजेता टीम को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
विधायक भूषण बाड़ा ने कहा कि खेल युवाओं के व्यक्तित्व विकास और बेहतर भविष्य की मजबूत नींव तैयार करता है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की प्रतियोगिताओं से स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिलता है। सिमडेगा की पहचान हॉकी और फुटबॉल जैसे खेलों में रही है, इसलिए खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, संसाधन और अवसर उपलब्ध कराने की जरूरत है।
जिला परिषद सदस्य जोसिमा खाखा ने भी ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन को सकारात्मक पहल बताया। उन्होंने कहा कि इससे युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने के साथ नशे और अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रहने का अवसर मिलता है।
Blog





