नई दिल्ली। GST परिषद की 57वीं बैठक की तारीख एक बार फिर बदल दी गई है। पहले बैठक 7 अक्टूबर को प्रस्तावित थी, लेकिन अब यह 8 अक्टूबर 2026 को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित होगी। परिषद सचिवालय ने सोमवार को जारी कार्यालय ज्ञापन में बदलाव की जानकारी दी और इसके लिए “अपरिहार्य परिस्थितियों” को कारण बताया है। बैठक सुबह 11 बजे से शुरू होगी।
बैठक में जीएसटी व्यवस्था को अधिक सरल बनाने और कारोबारियों का अनुपालन बोझ कम करने से जुड़े कई प्रस्तावों पर चर्चा होने की उम्मीद है। इनमें GST पंजीकरण, रिटर्न दाखिल करने की प्रक्रिया, रिफंड और इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) से जुड़े बदलाव शामिल हैं। परिषद कर व्यवस्था में प्रक्रियागत और प्रशासनिक सुधारों पर भी विचार कर सकती है।
इसके अलावा छोटे कारोबारियों और ई-कॉमर्स विक्रेताओं के लिए पंजीकरण प्रक्रिया आसान करने, सही खरीदार के ITC को सुरक्षित रखने और कर विवादों के निपटारे से जुड़े नियमों में बदलाव के प्रस्ताव भी चर्चा में आ सकते हैं। कुछ प्रस्तावों का उद्देश्य करदाताओं के लिए व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और कम जटिल बनाना है।
बैठक में GST कानून के तहत गिरफ्तारी और आपराधिक कार्रवाई से जुड़े प्रावधानों में बदलाव पर भी विचार की संभावना है। प्रस्तावित सुधारों में सामान्य कर विवादों को आपराधिक दायरे से बाहर रखने और कर वसूली, ब्याज व जुर्माने के माध्यम से विवाद निपटाने पर अधिक जोर देने की बात सामने आई है। हालांकि इन बदलावों को लागू करने के लिए संबंधित कानूनों में संशोधन की आवश्यकता होगी।
Blog





