लोहरदगा: मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम) लोहरदगा के न्यायालय द्वारा जारी आदेश के आलोक में लोहरदगा पुलिस ने फरार आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उसके घर पर इस्तेहार तामिला चिपकाया। जानकारी के अनुसार, कंप्लेन केस संख्या 176/2024 के तहत लोहरदगा थाना के पुलिस अवर निरीक्षक मनोज कुमार ने थाना क्षेत्र के ग्राम छोटा कुज्जी स्थित आरोपी गायत्री कुमारी, पति संतोष टोप्पो के आवास पर न्यायालय के आदेश का पालन करते हुए इस्तेहार चस्पा किया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ढोल- नगाड़े बजाकर मुनादी कराई और स्थानीय लोगों को न्यायालय के आदेश की जानकारी दी। इसके बाद आरोपी के घर के मुख्य द्वार पर इस्तेहार चिपकाया गया। पुलिस ने अपील करते हुए कहा है कि न्यायालय के आदेशानुसार यदि आरोपी निर्धारित समय के भीतर न्यायालय अथवा थाना में आत्मसमर्पण नहीं करती है, तो उसके विरुद्ध कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की जाएगी। यह कार्रवाई संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत की जाएगी। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में फरार आरोपियों के बीच हलचल देखी जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि न्यायालय के आदेशों का अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए आगे भी इसी प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी।


Blog





