लोहरदगा:राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA), नई दिल्ली एवं झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (JHALSA), रांची के निर्देशानुसार तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकार, लोहरदगा के अध्यक्ष राज कमल मिश्रा एवं सचिव मनोरंजन कुमार के मार्गदर्शन में शनिवार को पेशरार थाना, पेशरार प्रखंड परिसर एवं पेशरार बाजार टांड़ में चलंत लोक अदालत सह विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में एलएडीसी (LADC) नसीम अंसारी, पीएलवी संतोष भगत, शारू कुमार गोप, कलिंदर उरांव एवं सुरेश प्रसाद ने ग्रामीणों को विभिन्न कानूनी अधिकारों एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी दी।
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान निशुल्क विधिक सहायता, बाल विवाह, बाल श्रम, डायन प्रथा, नशा मुक्ति, ड्रग्स जागरूकता, भूमि साक्षरता, मोटर दुर्घटना मामलों में कानूनी सहायता, साइबर अपराध, मानव-वन्यजीव संघर्ष तथा विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित विषयों पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
साथ ही उपस्थित लोगों को नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 एवं अन्य महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई, ताकि जरूरत पड़ने पर लोग इन सेवाओं का लाभ उठा सकें।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और कानूनी जागरूकता से संबंधित जानकारियां प्राप्त कीं। जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से लोगों से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा आवश्यकता पड़ने पर निशुल्क विधिक सहायता का लाभ उठाने की अपील की गई।


Blog





