तमाड़ में बुजुर्ग हत्याकांड का खुलासा, जमीन विवाद में आरोपी गिरफ्तार

तमाड़: तमाड़ थाना क्षेत्र के बारेडीह गांव में 70 वर्षीय गोविन्द्र महतो की हत्या मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी कुईला महतो को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे की दाउली भी बरामद कर ली गई है।

बुंडू एसडीपीओ ओमप्रकाश ने बताया कि 24 जून को बारेडीह गांव में हत्या की सूचना मिलने के बाद तमाड़ थाना में कांड दर्ज कर मामले के त्वरित उद्भेदन के लिए विशेष टीम का गठन किया गया। अनुसंधान के दौरान मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में पता चला कि मृतक और आरोपी के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था।

पुलिस के अनुसार, घटना वाले दिन गोविन्द्र महतो अपने खेत में धान का बीज डालने गए थे। काम समाप्त होने के बाद वह खेत के पास एक पेड़ की छांव में बैठकर आराम कर रहे थे। इसी दौरान आरोपी कुईला महतो पीछे से पहुंचा और लोहे की दाउली से गर्दन पर वार कर उनकी हत्या कर दी। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और अनुसंधान जारी है।
JAY PRAKASH DAS JAY PRAKASH DAS · 27-06-2026 08:06 PM · 📍 Ranchi
Advertisement
Tags
Crime Ranchi News