रांची: नौकरी से हटाए गए कर्मियों की बहाली की मांग को लेकर गुरुवार को रांची के धुर्वा गोलचक्कर मैदान में राज्यभर के कर्मियों का महाजुटान हुआ। सुबह से ही अलग-अलग जिलों से कर्मचारी धुर्वा पहुंचने लगे। बैठक में कर्मियों ने अपनी मांगों को लेकर आंदोलन को और प्रभावी बनाने की रणनीति तैयार की।
महाजुटान के दौरान कर्मियों ने नौकरी वापसी की मांग को लेकर संघर्ष जारी रखने का निर्णय लिया। आंदोलन को आगे बढ़ाने के लिए विभिन्न सेवाओं के प्रतिनिधियों को शामिल करते हुए एक कमेटी का गठन किया गया। साथ ही जिलावार स्तर पर जिम्मेदारियां तय करने और आंदोलन की व्यवस्थाओं को व्यवस्थित करने पर भी चर्चा हुई।
कर्मियों ने अपनी मांगों को लेकर कानूनी लड़ाई लड़ने की भी तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए वकालतनामा भराने की प्रक्रिया शुरू की गई। आंदोलन के संचालन, भोजन, टेंट और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी भी अलग-अलग प्रतिनिधियों को दी गई।
कर्मियों का कहना है कि जब तक उनकी नौकरी बहाल नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने एकजुट होकर अपनी मांग सरकार तक पहुंचाने और जरूरत पड़ने पर आंदोलन को और व्यापक बनाने का निर्णय लिया है।
Blog
