हजारीबाग। जिले की लोहसिंघना थाना पुलिस ने छिनतई की घटनाओं पर कार्रवाई करते हुए कथित अंतरराज्यीय कोढ़ा गिरोह के आठ सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य चोरी की मोटरसाइकिलों पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर बैंक, पोस्ट ऑफिस और भीड़भाड़ वाले इलाकों में लोगों की रेकी करते थे और मौका मिलते ही रुपये व आभूषण छीन लेते थे।

पुलिस के मुताबिक, 1 सितंबर 2026 को गिरोह के सदस्यों के हजारीबाग पहुंचने की सूचना मिली थी। इसके बाद सदर एसडीपीओ रूपक कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम ने हजारीबाग झील के पास एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान दो बाइक पर सवार चार संदिग्धों को रोकने की कोशिश की गई। भागने का प्रयास करने पर पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया।

पूछताछ के आधार पर पुलिस ने चौपारण क्षेत्र से तीन भाइयों को भी गिरफ्तार किया, जिन पर गिरोह के स्थानीय नेटवर्क को मदद देने और चोरी की बाइक छिपाने का आरोप है।

क्या-क्या बरामद हुआ?

पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 27 ग्राम सोने के आभूषण, चार चोरी की मोटरसाइकिल, छह फर्जी नंबर प्लेट और छह मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इसके अलावा 23 पुड़िया संदिग्ध पदार्थ भी जब्त किए जाने की जानकारी दी गई है।

पुलिस का दावा है कि पूछताछ में गिरोह के सदस्यों ने बिहार और झारखंड में 100 से अधिक वारदातों में शामिल होने की बात बताई है। वहीं, दर्ज मामलों में हजारीबाग समेत झारखंड के कई जिलों की घटनाएं शामिल हैं। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों और पुरानी वारदातों की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

Desk Desk · 03-09-2026 08:56 PM · 📍 Hazaribagh
Tags
Crime Hazaribagh News