लोहरदगा: जिले के कुड़ू थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 80 लाख रुपये मूल्य की विदेशी शराब से लदा एक ट्रक जब्त किया है। पुलिस के मुताबिक ट्रक से 37,920 बोतलें मैकडोवेल ब्रांड की शराब बरामद हुई है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी, जिसके बाद कुड़ू थाना क्षेत्र में वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान रांची की ओर से आ रहे एक ट्रक के चालक ने पुलिस को देखकर वाहन मोड़ दिया और तेज रफ्तार से भागने लगा। पुलिस ने पीछा किया तो चालक जिमा स्थित पेट्रोल पंप के पास ट्रक छोड़कर फरार हो गया।
तलाशी के दौरान ट्रक में धान के भूसे से भरे बोरों के बीच छिपाकर रखी गई 790 पेटी शराब मिली। प्रत्येक पेटी में 180 एमएल की 48 बोतलें थीं। बोतलों पर “सेल फॉर यूटी चंडीगढ़ ओनली” अंकित था।
पुलिस अब फरार चालक और पूरे तस्करी नेटवर्क की तलाश में जुटी है। प्रारंभिक जांच में आशंका है कि शराब की यह खेप रांची के रास्ते बिहार भेजी जा रही थी, हालांकि इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी। मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई और छापेमारी कर रही है।
Blog





